-राजद की सदस्यता अभियान पर जोर,समस्तीपुर की बैठक में दिखा कार्यकर्ताओं का उत्साह
सम्वाददाता।समस्तीपुर।
आज शनिवार को कर्पूरी आश्रम, समस्तीपुर स्थित जिला राजद कार्यालय में जिला राजद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राजद जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधान पार्षद रोमा भारती ने की, जबकि संचालन प्रधान महासचिव विपीन सहनी ने किया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला राजद प्रभारी श्रीनारायण महतो ने कार्यकर्ताओं को पार्टी के विस्तार और सदस्यता अभियान में तेजी लाने के टिप्स दिए। उन्होंने सभी वर्गों—शोषित, वंचित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, किसान, मजदूर, छात्र, और महिलाओं के बीच संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने पंचायत स्तर पर सदस्यता संख्या की समीक्षा करते हुए इसे बढ़ाने का निर्देश दिया।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की घोषणाओं का जिक्र करते हुए स्थानीय विधायक एवं बिहार विधानसभा के मुख्य सचेतक अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर गरीब महिलाओं को “माई बहिन मान योजना” के तहत ₹2500, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, और वृद्धा पेंशन ₹1500 किए जाने का ऐलान हो चुका है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता एनडीए सरकार से उब चुकी है और बदलाव के लिए तैयार है।

राजद जिलाध्यक्ष रोमा भारती ने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान जो लक्ष्य निर्धारित हुआ है, उसे हर स्तर पर पूरा करना है। वहीं, पूर्व विधायक सुनील कुमार पुष्पम ने दावा किया कि राजद का सामाजिक न्याय और सद्भाव का संदेश जनता में गहरी छाप छोड़ रहा है और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में अगली सरकार बनेगी।
बैठक में पूर्व विधायक अशोक प्रसाद वर्मा, प्रदेश महासचिव प्रेम प्रकाश शर्मा, जिला राजद प्रवक्ता राकेश ठाकुर, युवा राजद जिलाध्यक्ष पप्पू यादव, और अन्य प्रमुख नेताओं समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
#राजद_सदस्यता_अभियान #समस्तीपुर #महागठबंधन #तेजस्वी_यादव #बिहार_राजनीति












