Advertisement

रतवारा में एनडीए की विशाल जनसभा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर ने खींचा सबका ध्यान

-रतवारा में एनडीए की विशाल जनसभा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर ने खींचा सबका ध्यान

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक कुमार तिवारी।

बन्दरा प्रखंड के रतवारा बेसिक स्कूल मैदान में बुधवार को आयोजित एनडीए की संयुक्त चुनावी जनसभा में यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय एवं जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पहुंचे। इस जनसभा में गायघाट और सकरा विधानसभा क्षेत्र से भी बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।

नेताओं के संबोधन के बाद जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का हेलीकॉप्टर (उड़न खटोला) उड़ान भरने को तैयार हुआ, तो मैदान में उपस्थित हजारों लोगों की निगाहें आसमान की ओर उठ गईं। लगभग पांच से सात मिनट तक हेलीकॉप्टर के उड़ान भरने की तैयारी चलती रही। इस दौरान बुजुर्ग नयन भर निहारते रहे, जबकि युवाओं ने मोबाइल कैमरे में हर पल को कैद किया।

जैसे ही हेलीकॉप्टर ने आसमान की ओर उड़ान भरी, नीचे धूल का गुबार चारों ओर फैल गया। लोगों के चेहरे, कपड़े और बाल धूल से भर गए, लेकिन भीड़ का उत्साह कम नहीं हुआ। लोग हाथ हिलाकर अभिवादन करते रहे। इस दृश्य को देखकर पास खड़ी रामकली देवी और दबिया काकी बच्चों से मुस्कराते हुए बोलीं— “देखिहि इहे है उड़नखटोला।”

यह नजारा गांव में राजनीतिक उत्साह और जिज्ञासा का अद्भुत संगम बन गया, जिसने जनसभा को यादगार बना दिया।

#बन्दरा_जनसभा #एनडीए_प्रचार #केशव_प्रसाद_मौर्य #नित्यानंद_राय #ललन_सिंह #रतवारा #मुजफ्फरपुर_चुनाव