Advertisement

यूसीएफ के तहत बैरिया बस स्टैंड के कायाकल्प की तैयारी तेज

-यूसीएफ के तहत बैरिया बस स्टैंड के कायाकल्प की तैयारी तेज

-मंत्रालय की टीम ने किया निरीक्षण

मुजफ्फरपुर। अर्बन चैलेंज फंड (यूसीएफ) के तहत प्रस्तावित बैरिया बस स्टैंड के पुनर्विकास की दिशा में तेजी से काम शुरू हो गया है। शनिवार को आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की टीम ने नगर आयुक्त सह प्रबंध निदेशक, मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ऋतुराज प्रताप सिंह के साथ बस स्टैंड परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना के विभिन्न तकनीकी और विकासात्मक पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान मंत्रालय की टीम ने बस स्टैंड परिसर और आसपास के क्षेत्रों का जायजा लेते हुए बसों एवं यात्रियों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन, सड़क संपर्क, सरकारी भूमि की उपलब्धता सहित जलापूर्ति, सीवरेज, वर्षा जल निकासी, बिजली व्यवस्था और अन्य आधारभूत सुविधाओं का आकलन किया।
टीम ने उपलब्ध भूमि के बेहतर उपयोग, अतिरिक्त बस पार्किंग की संभावनाओं, यात्री सुविधाओं के विस्तार तथा भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही बैरिया बस स्टैंड को आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित परिवहन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में आवश्यक सुझाव भी दिए गए।


नगर आयुक्त सह प्रबंध निदेशक, मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड का उद्देश्य बैरिया बस स्टैंड को यात्री-अनुकूल और आधुनिक बस टर्मिनल के रूप में विकसित करना है। निरीक्षण के दौरान प्राप्त सुझावों और तकनीकी बिंदुओं को परियोजना में शामिल किया जाएगा, ताकि यह यूसीएफ के मानकों के अनुरूप तैयार हो सके।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परियोजना से जुड़े सभी अभिलेख, नक्शे, डीपीआर, तकनीकी दस्तावेज एवं आवश्यक आंकड़े मंत्रालय की टीम को समय पर उपलब्ध कराए जाएं, जिससे परियोजना के हर पहलू का समुचित अध्ययन कर अंतिम प्रस्ताव तैयार किया जा सके।
नगर आयुक्त ने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके पूरा होने के बाद बैरिया बस स्टैंड उत्तर बिहार के प्रमुख आधुनिक परिवहन केंद्रों में शामिल होगा और यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित एवं सुविधाजनक सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।