-अंत्योदय एक्सप्रेस में चूहों का आतंक
-यात्रियों के सामान और खाने-पीने की चीजों पर खतरा
-रेलवे की सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल
मुजफ्फरपुर। रेलवे की ओर से ट्रेनों में स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन कई ट्रेनों में चूहों की मौजूदगी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। वाराणसी सिटी से दरभंगा जाने वाली ट्रेन संख्या 15552 अंत्योदय एक्सप्रेस में चूहों की धमाचौकड़ी से यात्री परेशान हैं। ट्रेन में चूहों की मौजूदगी ने रेलवे की सफाई व्यवस्था और पेस्ट कंट्रोल की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यात्रियों की परेशानी यह है कि ट्रेन की बोगियों में चूहे खुलेआम घूमते रहते हैं। इससे सामान और खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाता है। लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इस स्थिति में असुविधा का सामना करना पड़ता है। ट्रेनों में चूहों की समस्या पहले भी सामने आती रही है। शिकायत मिलने पर पेस्ट कंट्रोल कराने की बात कही जाती है, लेकिन इसके बावजूद समस्या बने रहने से यात्रियों में नाराजगी है।

रेलवे प्रशासन की ओर से स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों से फीडबैक लेकर सुविधाओं का आकलन किया जाता है। इसके बावजूद ट्रेनों के भीतर चूहों की मौजूदगी स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। यात्रियों का कहना है कि सुविधाओं को लेकर केवल फीडबैक लेने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि नियमित सफाई और प्रभावी पेस्ट कंट्रोल सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक ट्रेनों के दौर में सामान्य ट्रेनों में इस तरह की परेशानी यात्रियों के लिए चिंता का विषय है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से अंत्योदय एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों में प्रभावी पेस्ट कंट्रोल कराने और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी करने की मांग की है। उनका कहना है कि रेलवे को यात्री सुविधाओं से जुड़े दावों को जमीन पर उतारना चाहिए, ताकि लोग बिना परेशानी के सुरक्षित और आरामदायक सफर कर सकें।












