-मोतिहारी में मेधावी छात्रों का सम्मान, मैट्रिक-इंटर के टॉपर्स को जिला प्रशासन ने किया सम्मानित
मोतिहारी, राजन द्विवेदी
मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में आयोजित भव्य समारोह में वर्ष 2026 की मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप 10 रैंक हासिल करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया।
मैट्रिक परीक्षा में पूरे राज्य में आठवां स्थान तथा पूर्वी चंपारण में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले श्रीसोमेश्वर हाई स्कूल अरेराज के छोटू कुमार और उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय सिसवा बाजार के दिलखुश कुमार (दोनों को 96.6% अंक) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। वहीं, राज्य में 9वीं रैंक और जिले में दूसरे स्थान पर रहे डीडी गर्ल्स हाई स्कूल सुगौली की शिल्पी कुमारी और उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कपूर पकड़ी के प्रिंस कुमार (96.4%) को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा राज्य में 10वीं रैंक और जिले में तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले गवर्नमेंट बेसिक स्कूल माधोपुर गोविंद के अजीत कुमार सहित मैट्रिक के टॉप 10 में शामिल सभी 26 छात्रों को सम्मानित किया गया। उनके अभिभावकों को भी सम्मान दिया गया।

इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 में कला संकाय के टॉप 10 में शामिल 16, विज्ञान संकाय के 14 तथा वाणिज्य संकाय के 15 छात्र-छात्राओं को भी समारोह में सम्मानित किया गया। सभी सफल छात्रों के अभिभावकों को भी शॉल देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी, एसपी स्वर्ण प्रभात, उप विकास आयुक्त डॉ. प्रदीप, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं उप महापौर डॉ. लालबाबू प्रसाद गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। सभी मेधावी छात्रों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो प्रदान किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि पूर्वी चंपारण के छात्रों ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने छात्रों को भविष्य में और बेहतर करने की शुभकामनाएं दीं और अभिभावकों की भूमिका की सराहना की। साथ ही शिक्षकों को भी बधाई दी, जिनके मार्गदर्शन में छात्रों ने यह सफलता हासिल की।
कार्यक्रम के दौरान प्रेक्षा गृह छात्र-छात्राओं और अभिभावकों से खचाखच भरा रहा, जिससे पूरे आयोजन में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।












