-मेहसी में 18 वें लीचीपुरम उत्सव का आगाज, सांसद ने की बड़ी घोषणा
-कहा कि अगले साल से बिहार सरकार कराएगी आयोजन*
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
पूर्वी चंपारण जिले के ऐतिहासिक तिरहुत उच्च विद्यालय परिसर में सोमवार को दो दिवसीय 18वें लीचीपुरम उत्सव-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के पूर्व मंत्री एवं मोतिहारी सांसद राधा मोहन सिंह, विधायक श्याम बाबू यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि अरविंद गुप्ता तथा विष्णुपुराण उत्सव समिति के पदाधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
उद्घाटन सभा में सांसद राधा मोहन सिंह ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि मेहसी के लीचीपुरम उत्सव का आयोजन अगले वर्ष से बिहार सरकार के स्तर पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहली बार उत्सव में शामिल होकर इसकी भव्यता और किसानों से जुड़े महत्व को देखकर इसे सरकारी संरक्षण दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सांसद ने कहा कि मेहसी देश के प्रमुख लीची उत्पादक क्षेत्रों में है। यहां के किसानों को आधुनिक खेती के लिए लगातार प्रशिक्षण दिया जा रहा है। लीची अनुसंधान केंद्र के वैज्ञानिक उन्नत उत्पादन तकनीक, पौध संरक्षण और फलों के फटने जैसी समस्याओं के समाधान पर किसानों को प्रशिक्षित कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार कृषि यंत्रों और प्रोसेसिंग यूनिट के लिए 50% तक अनुदान दे रही है। मधु उत्पादकों से पिपराकोठी के शहद प्रोसेसिंग प्लांट का लाभ उठाने की अपील भी की। सांसद ने कहा कि लीचीपुरम उत्सव किसानों को नई तकनीक और बाजार से जोड़ने का सशक्त मंच बन रहा हैl

विधायक श्याम बाबू यादव ने कहा कि मेहसी विश्व स्तर पर उत्कृष्ट लीची के लिए प्रसिद्ध है और किसानों के हित के मुद्दे वे सदन में उठाते रहे हैं।
उद्घाटन के बाद भोजपुरी गायिका इंदु सोनाली सहित अन्य कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का संचालन उमेश शर्मा ने किया। महासचिव सुधिष्ट नारायण ठाकुर सहित बड़ी संख्या में किसान व नागरिक मौजूद रहे।












