-मेडिकल ओवरब्रिज चौक पर भीषण जाम, घंटों फंसे रहे लोग
मुजफ्फरपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल मेडिकल ओवरब्रिज चौक शुक्रवार को चारों तरफ से भीषण जाम की चपेट में आ गया। जाम की स्थिति ऐसी रही कि चौक के सभी मार्गों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा।
ऑटो, ई-रिक्शा, बाइक और बड़े वाहनों के दबाव के कारण यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क पर फंसे स्कूली बच्चे, मरीज और नौकरीपेशा लोग खासे परेशान दिखे। कई एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मेडिकल चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था की कमी और अवैध पार्किंग के कारण अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। वहीं, मौके पर पहुंची ट्रैफिक पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद वाहनों को धीरे-धीरे निकालना शुरू किया, तब जाकर स्थिति सामान्य हो सकी।
लोगों ने प्रशासन से मेडिकल ओवरब्रिज चौक पर स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की मांग की है।











