Advertisement

मुसहरी पीएचसी में विधायक बेबी कुमारी का औचक निरीक्षण

-मुसहरी पीएचसी में विधायक बेबी कुमारी का औचक निरीक्षण

-लचर व्यवस्था पर फटकार, कई कर्मियों की कटी हाजिरी

मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।

मुसहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में शुक्रवार को स्थानीय विधायक बेबी कुमारी और मुसहरी की प्रभारी पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पीएचसी की लचर और बदहाल व्यवस्था सामने आई, जिस पर अधिकारियों व कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई गई।
निरीक्षण के समय प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रीति प्रसाद अनुपस्थित पाई गईं। वहीं लेखापाल संजीव कुमार भी मौके पर मौजूद नहीं थे, हालांकि बताया गया कि उनकी प्रतिनियुक्ति जिला स्वास्थ्य समिति (डीएचएस) में है। इसके अलावा प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक मो. इसरार अहमद और काजल झा भी अनुपस्थित पाए गए। प्रभारी पदाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मियों की हाजिरी काटने का निर्देश दिया।


प्रभारी पदाधिकारी ने कहा कि मुसहरी पीएचसी में व्याप्त कुव्यवस्था की पूरी जानकारी जिलाधिकारी को दी जाएगी, ताकि जिम्मेदार पदाधिकारियों और कर्मियों पर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
वहीं विधायक बेबी कुमारी ने पीएचसी की बदहाल स्थिति के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रीति प्रसाद और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, दवा उपलब्धता, उपस्थिति पंजी सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की गई और सुधार के निर्देश दिए गए।