-मुसहरी अंचल कार्यालय के समक्ष फरियादी का धरना, जमीन खाली कराने की धमकी से दहशत
मुजफ्फरपुर।
मुसहरी प्रखंड सह अंचल कार्यालय के समक्ष मंगलवार को एक फरियादी अपनी जमीन से जुड़े मामले को लेकर धरने पर बैठा रहा। फरियादी का आरोप है कि वह शिकमी खतियानी रैयत होने के बावजूद भूस्वामी द्वारा लगातार जमीन खाली कराने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह और उसका परिवार भय के साए में जीवन जीने को मजबूर हैं।
पीड़ित फरियादी ने बताया कि उसने इस संबंध में कई बार मुसहरी अंचल कार्यालय में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। अंचल प्रशासन की उदासीनता से आहत होकर उसे मजबूरन कार्यालय के समक्ष बैठकर अपनी आवाज उठानी पड़ी।

फरियादी का कहना है कि कानूनन अधिकार होने के बावजूद दबंग भूस्वामी उसे बेदखल करने की कोशिश कर रहे हैं। वहीं, अंचल कार्यालय की चुप्पी से भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर पीड़ित को न्याय दिलाया जाए तथा अवैध दबाव और धमकी देने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक फरियादी की गुहार पर संज्ञान लेकर उचित कदम उठाता है।












