-मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी में वर्ल्ड बैंक विशेषज्ञों का दौरा, विकास योजनाओं पर मंथन
मुजफ्फरपुर। शहर के समग्र और सतत विकास को नई दिशा देने की कवायद के तहत मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड (MSCL) में वर्ल्ड बैंक से जुड़े विशेषज्ञों का औपचारिक आगमन हुआ। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने MSCL कार्यालय का दौरा किया और शहर में चल रही व प्रस्तावित प्रमुख परियोजनाओं का स्थल निरीक्षण किया।
विशेषज्ञों ने सिकंदरपुर लेकफ्रंट, प्रस्तावित रिवरफ्रंट परियोजना स्थल और सिटी पार्क क्षेत्र का निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति और संभावनाओं का आकलन किया। निरीक्षण के दौरान शहरी विकास के आधुनिक मॉडल, सतत विकास रणनीतियों और नागरिक-केंद्रित आधारभूत संरचना पर विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर प्रबंध निदेशक ऋतुराज प्रताप सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए स्मार्ट सिटी के अंतर्गत संचालित और प्रस्तावित परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलें की जा रही हैं।
यह दौरा मुजफ्फरपुर के शहरी विकास में वैश्विक सहयोग को मजबूती देने और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।










