Advertisement

मुजफ्फरपुर से 26 अक्टूबर को शुरू होगा ‘खेत बचाओ अभियान 2026’, राज्यभर में चलेगा कृषि जन कल्याण संवाद

-मुजफ्फरपुर से 26 अक्टूबर को शुरू होगा ‘खेत बचाओ अभियान 2026’, राज्यभर में चलेगा कृषि जन कल्याण संवाद

-खेतों के संरक्षण और किसानों की समृद्धि पर रहेगा जोर
-कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे अभियान का शुभारंभ

पटना, 25 अक्टूबर। बिहार सरकार के कृषि विभाग की ओर से ‘खेत बचाओ अभियान 2026 सह कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम’ का शुभारंभ 26 अक्टूबर को मुजफ्फरपुर से किया जाएगा। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा इस अभियान की शुरुआत करेंगे। इसका उद्देश्य खेतों के संरक्षण, किसानों को जागरूक करने और कृषि से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। अभियान 26 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक राज्यभर में चलाया जाएगा।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा के नेतृत्व में वासंतिक (रबी) महाभियान 2026 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, सरकारी योजनाओं और कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान पर भी जोर दिया जाएगा।

अभियान के दौरान प्राकृतिक खेती, समेकित कीट प्रबंधन, दलहन एवं तिलहन फसलों को बढ़ावा देने, बीज वितरण, फसल विविधीकरण, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा, फार्मर आईडी, डिजिटल एग्रीकल्चर और कृषि यंत्रीकरण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा उर्वरकों के संतुलित उपयोग, मृदा स्वास्थ्य, जल संरक्षण और उद्यानिकी फसलों से संबंधित जानकारी भी किसानों को दी जाएगी।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को कृषि योजनाओं, वित्तीय सहायता, विपणन सुविधाओं और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने की योजना है। इससे कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ खेती को अधिक टिकाऊ और लाभकारी बनाने में मदद मिलेगी।

कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि खेतों का संरक्षण कृषि विभाग, किसानों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिट्टी की उर्वरता बनाए रखना, जल संरक्षण करना और आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने किसानों से ‘खेत बचाओ अभियान 2026’ में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील करते हुए कहा कि खेत बचेंगे, तभी किसान समृद्ध बनेंगे।