Advertisement

मनियारी के मां सिद्धेश्वरी मंदिर में चोरी, 50 हजार की संपत्ति लेकर फरार हुए चोर

-मनियारी के मां सिद्धेश्वरी मंदिर में चोरी, 50 हजार की संपत्ति लेकर फरार हुए चोर

मुजफ्फरपुर। जिले के मनियारी थाना क्षेत्र स्थित अमरख हाईस्कूल परिसर में स्थापित मां जगजननी सिद्धेश्वरी मंदिर में शनिवार की देर रात अज्ञात चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर के मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर घुसे और करीब 50 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में आक्रोश व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने सुनसान माहौल का फायदा उठाकर मंदिर के प्रवेश द्वार पर लगे ताले को काट दिया। इसके बाद मंदिर के अंदर रखे सामानों की चोरी कर ली। चोरी गई सामग्रियों में बड़ा साउंड सेट, पीतल की कई घंटियां, पूजा की थालियां सहित अन्य धार्मिक सामान शामिल हैं। इनकी कुल कीमत करीब 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

रविवार की सुबह मंदिर के मुख्य पुजारी देवेंद्र महतो पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। मंदिर के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्होंने तत्काल स्थानीय ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। सूचना फैलते ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

घटना की सूचना मिलने पर मनियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। पुलिस ने पुजारी और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

मां जगजननी सिद्धेश्वरी मंदिर में चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात में गश्त बढ़ाने, आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और चोरी गई धार्मिक सामग्रियों की बरामदगी की मांग की है।