Advertisement

मुजफ्फरपुर में होली से पहले सख्ती: पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर

-मुजफ्फरपुर में होली से पहले सख्ती: पुलिस अलर्ट, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर

मुजफ्फरपुर। रंगों के त्योहार होली से पहले ही शहर में कानून का पहरा और कड़ा कर दिया गया है। 4 मार्च को मनाई जाने वाली होली को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। साफ शब्दों में संदेश दे दिया गया है कि अमन-चैन में खलल डालने वालों और हुड़दंग मचाने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस महकमे ने शहर के संवेदनशील और संदिग्ध इलाकों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी है। वर्दीधारी जवानों के साथ-साथ सिविल ड्रेस में भी खुफिया निगरानी रखी जा रही है। लगातार गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि जबरन रंग डालने, शराब के नशे में उपद्रव करने या माहौल बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को मौके पर ही रोका जा सके।


वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने खुद सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और आम जनता को सुरक्षित माहौल देना प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है, किसी को भी कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। भड़काऊ पोस्ट, आपत्तिजनक वीडियो या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ साइबर सेल के माध्यम से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहार की आड़ में माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भाईचारे और प्रेम के इस पर्व को शांति व सभ्यता के साथ मनाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। प्रशासन का दावा है कि मजबूत सुरक्षा इंतजामों के बीच इस बार होली पूरी तरह सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न होगी।