Advertisement

मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार दो युवतियों की मौत

-मुजफ्फरपुर में भीषण सड़क हादसा, स्कूटी सवार दो युवतियों की मौत

मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहां थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवतियों की मौत हो गई। आदिगोपालपुर चौक के पास एक अनियंत्रित कार ने उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 12 बजे स्कूटी और कार दोनों दरभंगा की ओर से मुजफ्फरपुर की तरफ जा रही थीं। आदिगोपालपुर चौक के समीप पहुंचते ही तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।


मृतकों में एक युवती की पहचान शरफुद्दीनपुर निवासी राजू चौधरी की पुत्री नेहा कुमारी के रूप में हुई है। दूसरी मृतका की पहचान कराने की प्रक्रिया जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार पूर्णिया जिले के पंजीकरण नंबर की है। कार पर एक राजनीतिक दल का झंडा लगा हुआ था। इसके अलावा वाहन से महिलाओं के प्रसाधन से जुड़े सामान भी बरामद होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने वाहन पर लगे झंडे या उसमें मिले सामान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही हादसे के कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।