Advertisement

मुजफ्फरपुर में बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा, 8 महिलाएं रेस्क्यू, दो संचालक गिरफ्तार

-मुजफ्फरपुर में बड़े सेक्स रैकेट का खुलासा, 8 महिलाएं रेस्क्यू, दो संचालक गिरफ्तार

मुजफ्फरपुर। जिले के सरैया थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने 8 महिलाओं एवं युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया है, जबकि मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री, कई स्मार्टफोन और नकद राशि भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, सरैया थाना क्षेत्र के रतवारा चंदन गांव स्थित बसंतपुर मलंग चौक के समीप एक मकान में लंबे समय से अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत मिल रही थी। मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर सरैया एसडीपीओ अभिजीत कौर के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने उक्त मकान पर अचानक छापेमारी की।


छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद 8 महिलाओं और युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। वहीं, रैकेट के संचालन में संलिप्त दो पुरुष आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से कई मोबाइल फोन, आपत्तिजनक सामग्री और नकद राशि भी जब्त की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू की गई सभी महिलाओं को सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है तथा उनकी काउंसिलिंग कराई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वे किस परिस्थिति में इस नेटवर्क से जुड़ी थीं।
मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स और व्हाट्सएप चैट खंगाल रही है, ताकि इस पूरे सिंडिकेट और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का मानना है कि जांच में कई महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
इस बीच, जिस मकान में यह गतिविधि संचालित होने की बात सामने आई है, उसे सील करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस फरार मकान मालिक और मुख्य संचालक की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।