Advertisement

मुजफ्फरपुर में नीट प्रदर्शन के उपद्रवियों पर पुलिस का शिकंजा

-मुजफ्फरपुर में नीट प्रदर्शन के उपद्रवियों पर पुलिस का शिकंजा

-100 से अधिक पर एफआईआर, सरकारी नुकसान की होगी वसूली

मुजफ्फरपुर। नीट पेपर लीक मामले को लेकर समाहरणालय परिसर में हुए हिंसक प्रदर्शन के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इस मामले में 100 से अधिक लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है। अब तक आठ प्रमुख आरोपियों की तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं। इनकी पहचान बताने और गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों के लिए इनाम की भी घोषणा की गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अन्य आरोपियों की भी पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष पुलिस टीम ने कांटी, मुशहरी, अहियापुर, बोचहां, मनियारी के अलावा शहर के भगवानपुर, मिठनपुरा और चंदवारा समेत कई इलाकों में देर रात तक छापेमारी की। हालांकि समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।


जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि मिठनपुरा स्थित एक हॉस्टल में रहने वाली एक छात्रा भी प्रदर्शन में शामिल थी। पुलिस टीम जब हॉस्टल पहुंची तो वह पहले ही वहां से फरार हो चुकी थी। उसकी तलाश जारी है और पुलिस उससे जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है।
प्राथमिकी दर्ज होने और तस्वीरें सार्वजनिक होने के बाद कई आरोपी भूमिगत हो गए हैं। नगर पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा है कि जिन लोगों की पहचान होगी, उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। इसके साथ ही समाहरणालय और अन्य सरकारी संपत्तियों को हुए नुकसान का पूरा हर्जाना भी आरोपियों से ही वसूला जाएगा।
प्रशासन ने दोहराया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और हिंसा फैलाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी और सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।