Advertisement

मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक पर हमला: “प्रोटेक्शन गैंग” के 10-15 बदमाशों ने घेरकर पीटा, वीडियो वायरल

–मुजफ्फरपुर में दिनदहाड़े युवक पर हमला: “प्रोटेक्शन गैंग” के 10-15 बदमाशों ने घेरकर पीटा, वीडियो वायरल

मुजफ्फरपुर।मुजफ्फरपुर में अपराधियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के बैरिया गोलंबर से लक्ष्मी चौक जाने वाली सड़क पर दिनदहाड़े एक युवक पर हमला कर दिया गया। आरोप है कि तथाकथित “प्रोटेक्शन गैंग” से जुड़े 10 से 15 युवकों ने एक अकेले युवक को घेर लिया और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी।
घटना निर्माणाधीन अपार्टमेंट के पास हुई, जहां कुछ ही मिनटों में सड़क पर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवक को गिराकर लात-घूंसों और डंडों से पीटा जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में दहशत के साथ-साथ लोगों में भारी आक्रोश फैल गया है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के “प्रोटेक्शन गैंग” इलाके में दहशत फैलाकर वसूली और दबदबा कायम करने की कोशिश करते हैं। इस सड़क पर दबंगई की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं, लेकिन इस बार वीडियो वायरल होने से मामला और गंभीर हो गया है।
मामले को लेकर एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि घटना को संज्ञान में लिया गया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है और जांच के बाद दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हालांकि अब तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई औपचारिक आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है।
इधर, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल न उठें और ऐसे गैंग का खौफ खत्म हो सके।