–मुजफ्फरपुर में कर्ज के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, गांव में तनाव
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां कर्ज के विवाद में एक युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना सरैया प्रखंड के जैतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेठा गांव की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 40 वर्षीय रामानंद ठाकुर के रूप में हुई है। बताया गया कि उनके पिता ने करीब छह-सात साल पहले गांव के ही एक व्यक्ति से 20 हजार रुपए का कर्ज लिया था। पिता की मौत के बाद भी यह कर्ज विवाद जारी रहा। परिजनों के मुताबिक, कर्ज का अधिकांश हिस्सा चुका दिया गया था, बावजूद इसके आरोपी लगातार दबाव बना रहा था।
ल
आरोप है कि गांव के ही मुख्तार सहनी, जो इलाके में कथित रूप से ‘गुंडा बैंक’ चलाता है, ने रामानंद ठाकुर को रस्सी से बांधकर बेरहमी से पिटाई की। इस हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। गुस्साए लोगों ने अस्पताल से शव को लेकर आरोपी के घर के सामने रखकर करीब चार घंटे तक जोरदार हंगामा किया। इस दौरान इलाके में तनाव का माहौल बना रहा।
मृतक के भाई कृष्णा ठाकुर ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय रामचंद्र ठाकुर ने कर्ज लिया था, जिसे परिवार द्वारा काफी हद तक चुका दिया गया था। इसके बावजूद आरोपी द्वारा लगातार दबाव और मारपीट की गई, जिससे यह दर्दनाक घटना हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके।











