-मुजफ्फरपुर में ऑटो ई-रिक्शा ट्रायल रन का शुभारंभ, शहरी यातायात व्यवस्था होगी सुदृढ़
मुजफ्फरपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू, सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला पदाधिकारी श्री सुब्रत कुमार सेन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार ने मुजफ्फरपुर जंक्शन से ऑटो ई-रिक्शा तिपहिया वाहनों के ट्रायल रन का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।
इस नई व्यवस्था के तहत कुल 4800 ऑटो ई-रिक्शा तिपहिया वाहनों का कलर कोडिंग किया गया है। इनमें से 4200 वाहनों का कलर कोडिंग कर उनके लिए निर्धारित रूट तय किए गए हैं, जबकि 600 वाहनों को व्हाइट रंग में रखकर फ्री जोन के लिए रिजर्व किया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि पूरे शहर को चार जोन में विभक्त करते हुए 20 रूट निर्धारित किए गए हैं। इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दो सप्ताह का समय दिया गया है। जनवरी के प्रथम सप्ताह से निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने इस कार्य में जुटी जिला प्रशासन की टीम को बधाई देते हुए नियमित मॉनिटरिंग कर व्यवस्था के पूर्ण अनुपालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक श्री कोटा किरण, अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी श्री तुषार कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री कुमार सत्येंद्र, पुलिस उपाधीक्षक यातायात सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं ऑटो रिक्शा संघ के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।











