Advertisement

मुजफ्फरपुर: फ़ोटो नहीं रहने से वोटर पर्ची वितरण में हो रही दिक्कत

-फ़ोटो नहीं रहने से वोटर पर्ची वितरण में हो रही दिक्कत

-सहज पहचान में हो रही परेशानी
-बीएलओ एवं वोटरों में दिख रही असहजता
-पहचान और वितरण में लग रहा पहले से ज्यादा समय

मुुुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।

जिले में लोकसभा चुनाव 20 मई को है और इसको लेकर आवश्यक कार्रवाई तेज है। इस बीच मतदाता पर्ची वितरण भी प्रखंड क्षेत्र में शुरू कर दिया गया है, लेकिन अबकी बार फोटो युक्त मतदाता पर्ची नहीं होने के कारणों से वितरण में तकनीकी परेशानी हो रही है। इससे बीएलओ एवं वोटर दोनों के परेशानी की बात सामने आई है।बताया जाता है कि प्रखण्ड में मतदाता पर्ची का वितरण सोमवार को सभी बीएलओ के बीच किया गया था। जिसके बाद से प्रखंड क्षेत्र के वोटरों में मतदाता पर्ची का वितरण किया जा रहा है।

मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न हिस्सों में बीएलओ के द्वारा मतदाता पर्ची का वितरण किया जा रहा था। इस दौरान फोटो युक्त मतदाता पर्ची नहीं रहने की वजह से कई तरह की तकनीकी परेशानी होने की बात सामने आयी। प्रखंड क्षेत्र के कई बीएलओ एवं जागरूक वोटरों ने बताया कि अबकी बार फोटो की जगह पर बारकोड अंकित किया गया है। पहले फोटो युक्त मतदाता पर्ची होने की वजह से वितरण में आसानी होती थी और वितरण में तेजी भी होती थी। मतदाता और बीएलओ मतदाता पर्ची की सहज पहचान कर लेते थे। कई बीएलओ ने बताया कि एक नाम से कई वोटर उनके बूथों पर हैं। लिहाजा फोटो नहीं रहने की वजह से तकनीकी परेशानी उत्पन्न हो रही है।सहज पहचान में दिक्कत हो रही है। वितरण में भी देरी हो रहा है। वोटरों ने बताया की पहले फोटोयुक्त पर्ची रहने पर असाक्षर लोग भी आसानी से अपना पर्ची पहचान लेते थे। अबकी सहज पहचान में दिक्कत हो रहा है। वोटरों एवं बीएलओ ने बताया कि मतदाता पर्ची में स्पेस भी है। फोटो और बारकोड दोनों यदि रहता तो वितरण में बीएलओ और वोटर दोनों को आसानी होती। बता दें कि पिछले बार के चुनाव में फोटो युक्त मतदाता पर्ची का वितरण किया गया था। जिसके कारण से वोटर और बीएलओ दोनों को सहजता महसूस हुई थी।वोटर पर्ची आसानी से और तेजी से कम समयों में वितरण हुए थे।