-मुख्यमंत्री ने राजगीर में नवनिर्मित खेल सुविधाओं का किया लोकार्पण
-खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों का लिया जायजा
पटना | ब्यूरो रिपोर्ट
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने शनिवार को नालंदा जिले के राजगीर स्थित खेल अकादमी-सह-खेल विश्वविद्यालय में नवनिर्मित अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने इंडोर हॉल संख्या-2, बास्केटबॉल कोर्ट, हैंडबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट एवं हॉकी प्रैक्टिस टर्फ का उद्घाटन किया तथा फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न खेल परिसरों का निरीक्षण करते हुए खिलाड़ियों से संवाद किया और उन्हें अभ्यास के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, “खूब मन लगाकर प्रैक्टिस करें, राज्य और देश का नाम रोशन करें।” इस दौरान उन्होंने ब्वॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी ली और राज्य खेल अकादमी में खिलाड़ियों को दी जा रही व्यवस्थाओं की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने आगामी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने खेल मैदान, ट्रैक सहित सभी निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आयोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस अकादमी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्वीमिंग पूल, मॉडल थाना, क्षेत्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला सहित अन्य विभागों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने प्रयोगशाला में नवीनतम चौथे लैब का शुभारंभ भी किया। उन्होंने जीविका दीदियों द्वारा पुलिस वर्दी सिलाई केंद्र का दौरा कर उनके कार्य की सराहना की। पासिंग आउट परेड ग्राउंड के निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि “बिहार पुलिस अकादमी को और सुदृढ़ व आधुनिक बनाया गया है, जिससे प्रशिक्षण की गुणवत्ता बेहतर होगी।”
इस महत्वपूर्ण अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण विकास मंत्री श्री श्रवण कुमार, भवन निर्माण मंत्री श्री जयंत राज, खेल मंत्री श्री सुरेंद्र मेहता, पर्यावरण मंत्री डॉ. सुनील कुमार, सांसद श्री कौशलेंद्र कुमार, विधायक श्री कौशल किशोर, श्री कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया, पूर्व विधायक ई. सुनील सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, खेल विश्वविद्यालय के कुलपति श्री शिशिर सिन्हा, डीजीपी श्री विनय कुमार, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव श्री अरविंद कुमार चौधरी, अन्य वरिष्ठ अधिकारी, प्रशिक्षक और खिलाड़ी भी मौजूद रहे।












