Advertisement

मुख्यमंत्री ने बेगूसराय में 107 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

-मुख्यमंत्री ने बेगूसराय में 107 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

-SC/ST टोलों में विशेष विकास शिविर का निरीक्षण -महिला संवाद में जीविका दीदियों से की बातचीत

पटना/बेगूसराय | दीपक कुमार तिवारी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बेगूसराय जिले के तेघड़ा प्रखंड के पिढ़ौली पंचायत में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए 64 करोड़ 19 लाख रुपये की लागत से तैयार 107 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में आयोजित विशेष विकास शिविर का भी निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री ने शिविर में मौजूद लाभुकों को ई-श्रम कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, आधार कार्ड, वासगीत पर्चा, लेबर कार्ड, कौशल विकास योजनाओं से संबंधित प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति पत्र प्रदान किए। मौके पर लगाए गए विभिन्न विभागों और जीविका दीदियों के स्टॉल का भी उन्होंने अवलोकन किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कई योजनाओं के सांकेतिक चेक लाभुकों को सौंपे, जिनमें शामिल हैं:

प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना,

विवाह सहायता योजना,

शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना,

58 करोड़ 32 लाख रुपये के ऋण स्वीकृति चेक जीविका समूहों की 23,352 दीदियों के लिए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने की शुरुआत की और उन्हें ‘जीविका’ नाम दिया। इस मॉडल को बाद में केंद्र सरकार ने पूरे देश में ‘आजीविका’ के नाम से लागू किया।”

कार्यक्रम के दौरान आयोजित महिला संवाद में जीविका समूहों से जुड़ी महिलाओं ने मुख्यमंत्री को उनके कार्यों के लिए धन्यवाद दिया और बताया कि महिला आरक्षण व स्वरोजगार योजनाओं के कारण वे आत्मनिर्भर बनी हैं। मुख्यमंत्री ने महिलाओं की बातें ध्यान से सुनीं और भविष्य में और अधिक समर्थन का भरोसा दिया।

इस मौके पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, बेगूसराय प्रभारी मंत्री संजय सरावगी, विधायक राज कुमार सिंह, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, जिलाधिकारी तुषार सिंगला, पुलिस अधीक्षक मनीष, और अन्य वरीय अधिकारी मौजूद रहे।