Advertisement

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांटी में जनसभा कर मांगा समर्थन, बोले– अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को देंगे रोजगार

-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कांटी में जनसभा कर मांगा समर्थन, बोले– अगले पांच साल में एक करोड़ युवाओं को देंगे रोजगार

मुजफ्फरपुर। दीपक कुमार तिवारी।

बिहार विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर और कांटी से की। उन्होंने कांटी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मैदान में एनडीए की विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि बिहार में विकास की रफ्तार को थमने न दें और एनडीए उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाएं।

जनसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में विकास की नींव हमने रखी है, जिसे अब और मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में राज्य के एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब हमारी सरकार बनी थी, तब बिहार की स्थिति बेहद खराब थी — लोग शाम होते ही घरों से बाहर निकलने से डरते थे। हमने कानून-व्यवस्था सुधारी, सड़कें, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सुधार किया।

मुख्यमंत्री ने जनता से अपील की कि वे विकास के कार्यों को याद रखें और अफवाहों से दूर रहें। उन्होंने कहा कि “बिहार आज तरक्की के रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ रहा है, इसे कोई रोक नहीं सकता।”

इस अवसर पर मंच पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, केंद्रीय मंत्री संजय झा, डॉ. राजभूषण निषाद, देवेशचंद्र ठाकुर समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कांटी से जदयू प्रत्याशी अजीत कुमार, साहेबगंज से भाजपा प्रत्याशी राज कुमार राजू और पारू से आरएलएम प्रत्याशी मदन चौधरी के समर्थन में जनता से वोट की अपील की।

सभा में हजारों की संख्या में एनडीए कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान जनसभा मैदान “फिर एक बार नीतीश कुमार” और “जय बिहार” के नारों से गूंज उठा।

#नीतीश_कुमार #कांटी_जनसभा #NDA_चुनाव_अभियान #मुजफ्फरपुर #बिहार_चुनाव2025 #एक_करोड़_रोजगार #विकास_के_रास्ते_पर_बिहार