Advertisement

मिस एंड मिसेज इंडिया 2025 में मुजफ्फरपुर की कल्पना कुमारी ने जीता द्वितीय पुरस्कार

-मिस एंड मिसेज इंडिया 2025 में मुजफ्फरपुर की कल्पना कुमारी ने जीता द्वितीय पुरस्कार

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक।

मिस एंड मिसेज इंडिया 2025 प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली से संचालित संस्था द्वारा पटना स्थित रीति रिवाज रिजॉर्ट में किया गया। इस भव्य प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से कुल 50 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में मुजफ्फरपुर जिले के बन्दरा प्रखण्ड अंतर्गत पीरापुर गांव की निवासी कल्पना कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए द्वितीय पुरस्कार (2nd Prize) हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। कल्पना कुमारी वर्तमान में अरवल जिले के एनपीएस गोअरकट्टा, प्रखंड कलेर में प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं।
इस कार्यक्रम का संचालन मुंबई की अंजू यादव, जो साईं ग्लोरियस एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की निदेशक हैं, के द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक मनीष वात्सल्य एवं मॉडल अर्जुन यादव शामिल थे। विजेताओं को साईं ग्लोरियस के तत्वावधान में मनीष वात्सल्य और अर्जुन यादव द्वारा ताज पहनाकर सम्मानित किया गया।इस दौरान पटना के कई प्रसिद्ध हस्तियां भी मौजूद रहे।


प्रतियोगिता का उद्देश्य महिलाओं के आत्मविश्वास, प्रतिभा और व्यक्तित्व को निखारते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा। प्रतिभागियों का मूल्यांकन उनके आत्मविश्वास, प्रस्तुति, परिचय और पूछे गए प्रश्नों के उत्तर के आधार पर किया गया।
गौरतलब है कि मिस एंड मिसेज इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन हर वर्ष किया जाता है, जिससे महिलाओं को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने का मंच मिलता है। कल्पना कुमारी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।