-माँ जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम में बनेगा भव्य मंदिर, डिज़ाइन तैयार – मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दी जानकारी
पटना | 22 जून 2025
जगत जननी माँ जानकी की जन्मस्थली पुनौराधाम, सीतामढ़ी के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर यह जानकारी साझा की कि पुनौराधाम में भव्य मंदिर सहित अन्य संरचनाओं का डिज़ाइन तैयार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा, “मुझे बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि माँ जानकी की जन्मस्थली के समग्र विकास हेतु भव्य मंदिर एवं अन्य संरचनाओं का डिज़ाइन तैयार हो गया है, जिसे अब सार्वजनिक रूप से साझा किया जा रहा है।”

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए एक ट्रस्ट का गठन कर दिया गया है। सरकार पुनौराधाम में माँ जानकी के भव्य मंदिर का निर्माण जल्द से जल्द पूरा करने के लिए कृतसंकल्पित है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में यह भी कहा कि “यह मंदिर हम सभी बिहारवासियों के लिए गौरव और सौभाग्य की बात है।” पुनौराधाम को न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन की दृष्टि से भी एक वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में यह एक ऐतिहासिक पहल मानी जा रही है।
#पुनौराधाम #जानकीधाम #माँजानकी #सीतामढ़ी #बिहारविकास #नीतीशकुमार #RamJanakiTemple #JanakiBirthplace











