-‘मन की बात’ में सीतामढ़ी की अनूठी पहल की गूंज, कचरे से बनी बेंच की पीएम मोदी ने की सराहना, सीएम सम्राट चौधरी ने जताया आभार
पटना, 26 जुलाई।दीपक कुमार तिवारी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण में बिहार के सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे की रिसाइक्लिंग से तैयार की जा रही बेंच की जमकर सराहना की। उन्होंने इसे ‘वेस्ट टू वेल्थ’ और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताते हुए कहा कि यह रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल की सोच को व्यवहार में उतारने का उत्कृष्ट उदाहरण है।
रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पटना के जक्कनपुर स्थित भगवान उत्सव हॉल में आयोजित ‘मन की बात’ के लाइव प्रसारण में शामिल हुए। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा बिहार की इस पहल का उल्लेख किए जाने पर खुशी जताते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सीतामढ़ी में प्लास्टिक कचरे से बनाई जा रही बेंच न केवल मजबूत, टिकाऊ और आरामदायक है, बल्कि पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल (इको-फ्रेंडली) भी है। उन्होंने कहा कि यह पहल साबित करती है कि ‘रिड्यूस, रीयूज और रीसाइकिल’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर की प्रेरणादायक कहानियों और सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उत्पादों और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर स्थान मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा पर विशेष जोर देगी और इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस तरह की पहल से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्वच्छता और संसाधनों के बेहतर उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति राज्य की ओर से हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार अपनी सांस्कृतिक धरोहर, कृषि उत्पादों और लोक परंपराओं के साथ-साथ नवाचार और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी देश के लिए प्रेरणा बन रहा है।












