Advertisement

मतदान केंद्रों की युक्तिकरण को लेकर राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

-मतदान केंद्रों की युक्तिकरण को लेकर राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

अगामी बिहार विधानसभा निर्वाचन 2025 को लेकर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1200 मतदाता के आधार पर एक मतदान केंद्र बनाए जाने के निर्देश के आलोक में जिला में मतदान केंद्रों का युक्तिकरण का कार्य संपन्न हो गया। इसको लेकर प्रभारी जिलाधिकारी मुकेश कुमार सिंहा की अध्यक्षता में विधायक गण एवं राजनीतिक दलों के जिला प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर युक्तिकरण की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में विधायक प्रमोद कुमार, राणा रणधीर, श्याम बाबू प्रसाद यादव, सुनील मणि तिवारी, शमीम अहमद, सांसद गण के प्रतिनिधि एवं अन्य विधायक गण के प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल (यूनाइटेड), राष्ट्रीय जनता दल, बहुजन समाज पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया, इंडियन नेशनल कांग्रेस, एलजेपीआर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट लेनिन), राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के जिला प्रतिनिधि सहित जिला के सभी विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी उपस्थित थे।


बैठक में उपस्थित उप निर्वाचन पदाधिकारी सरफराज नवाज ने बताया कि निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी के द्वारा युक्तिकरण से संबंधित मतदान केंद्रों का सत्यापन 25 एवं 26 जून को कर लिया गया है। मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के बाद जिले में कुल 583 मतदान केंद्र बड़े हैं। उन्होंने कहा कि पहले 3511 मतदान केंद्र जिला में स्थापित थे। परन्तु 1200 मतदाता के आधार पर जिला में वर्तमान में मतदान केंद्रों की संख्या 4094 हो गई है।
मतदान केंद्रों का प्रस्तावित ड्राफ्ट सभी सदस्यगण को उपलब्ध कराया गया। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर आज की बैठक की गई है। जिसमें युक्तिकरण से संबंधित सभी जानकारी सदस्यगण को दी गई है। युक्तिकरण के बाद ड्राफ्ट पब्लिकेशन के विरुद्ध आगामी 30 जून से 06 जुलाई तक दावा आपत्ति अथवा सुझाव मांगी गई है। दावा आपत्ति अथवा सुझाव प्राप्त होने और उसकी जांच के उपरांत 08 जुलाई 25 तक इसका निष्पादन कर दिया जाएगा। बताया कि 9 जुलाई अथवा 10 जुलाई की तिथि को जिला निर्वाचन पदाधिकारी की अध्यक्षता में पुनः एक बैठक की जाएगी। जिसके बाद प्रस्तावित मतदान केंद्रों की सूची 12 जुलाई 2025 को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार के कार्यालय को भेजा जाएगा। जहां से सूची भारत निर्वाचन आयोग को भेजी जाएगी। भारत निर्वाचन आयोग के द्वारा 18 जुलाई को इस सूची का अप्रूवल मिलेगा। बताया की पूर्व के मतदान केंद्रों में 230 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां पर मतदाताओं को शिफ्ट किया गया है‌। नए मतदान केंद्रों को यथासंभव पहले के मतदान केंद्र के लोकेशन पर ही बनाया गया है।
मतदान केंद्रों की विधानसभा वार बढ़ी हुई संख्या के बारे में उन्होंने बताया कि 10- रक्सौल विधानसभा क्षेत्र में युक्तिकरण के दौरान 38 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, सुगौली में 38, नरकटिया में 61, हरसिद्धि में 36, गोविंदगंज में 56,केसरिया में 39, कल्याणपुर में 36, पिपरा में 63, मधुबन में 50, मोतिहारी में 45, चिरैया में 56 एवं ढाका विधानसभा क्षेत्र में 65 सहित कुल 583 नए मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इस प्रकार जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 3511 से बढ़कर 4094 प्रस्तावित है।