Advertisement

भोज को लेकर विवाद में युवक पर हमला, पीएमसीएच में इलाज के बाद प्राथमिकी दर्ज

-भोज को लेकर विवाद में युवक पर हमला, पीएमसीएच में इलाज के बाद प्राथमिकी दर्ज

राजापाकर। राजापाकर थाना क्षेत्र के दोबरकोठी गांव निवासी नागेंद्र राय के पुत्र ब्रजेश कुमार के बयान पर राजापाकर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामला आपसी विवाद के बाद मारपीट और गंभीर रूप से घायल करने से जुड़ा है।

पीड़ित ब्रजेश कुमार ने पीएमसीएच में दिए गए फर्दबयान में बताया है कि बीते 16 मई की शाम करीब 5:30 बजे वह चकसिकंदर बाजार से अपने घर दोबरकोठी लौट रहे थे। इसी दौरान परमेश्वर राय के घर के पास पहुंचते ही गांव के कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी।

फर्दबयान के अनुसार, आरोपियों ने भोज को लेकर तंज कसते हुए विवाद शुरू किया। जब उन्होंने अपनी बात रखी, तो आरोप है कि सभी लोगों ने मिलकर लाठी-डंडे से हमला कर दिया। वहीं दो लोगों पर लोहे की रॉड से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। हमले में ब्रजेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्होंने बताया कि घटना के बाद वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।

पीड़ित के अनुसार, होश आने पर उन्होंने खुद को पीएमसीएच में इलाजरत पाया। मामले को लेकर पुलिस ने फर्दबयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की जांच में जुट गई है।