-भारत विकास परिषद ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 125 मरीजों की हुई जांच
मुजफ्फरपुर। भारत विकास परिषद की मुजफ्फरपुर शाखा की ओर से शनिवार, 24 अक्टूबर को स्थानीय मारवाड़ी उच्च विद्यालय परिसर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। होमी जहांगीर भाभा कैंसर संस्थान और मोहल्ला क्लीनिक के सहयोग से आयोजित इस शिविर में लगभग 100 से 125 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। डॉक्टरों के परामर्श के अनुसार मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर में लुपिन डायग्नोस्टिक सेंटर की ओर से डॉ. शाहनवाज के नेतृत्व में मरीजों के हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, ब्लड ग्रुप और ब्लड प्रेशर की जांच की गई। वहीं, होमी जहांगीर भाभा कैंसर संस्थान की ओर से पहुंचीं डॉ. अपर्णा चित्रांश ने महिला एवं पुरुष मरीजों की कैंसर संबंधी जांच की।

इस अवसर पर कैंसर के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें मुख कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के लक्षणों की पहचान तथा बचाव के उपायों के बारे में लोगों को जानकारी दी गई। उपस्थित सदस्यों, मरीजों और अन्य लोगों को कैंसर के शुरुआती संकेतों के प्रति सतर्क रहने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के महत्व से अवगत कराया गया।
शिविर का उद्घाटन शहर की उपमहापौर डॉ. मोनालिसा, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. तरुण राज और मारवाड़ी उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहम्मद शौकत अली ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्वलित और पुष्पांजलि अर्पित कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से हुई, जबकि समापन राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ किया गया।
शिविर के सफल संचालन में भारत विकास परिषद के अध्यक्ष विनोद कुमार नंदे, सचिव अमोद कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, संयोजक शेखर कुमार, विद्याभूषण वर्मा, रमेश कुमार केजरीवाल, चंदन कुमार, नरेंद्र कुमार, संतोष बरनवाल, पवन अग्रवाल, आशा सिन्हा, मधु चौधरी, अनिल कुमार अनल, राजू गुप्ता, आनंद कपूर, उत्तम कुमार और मुन्ना कुमार सहित परिषद के अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।












