Advertisement

भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है और संगठन की मजबूती ही सबसे बड़ी ताकत है : सतीश चन्द्र दुबे 

-भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित दल है और संगठन की मजबूती ही सबसे बड़ी ताकत है : सतीश चन्द्र दुबे

-दो दिवसीय महा प्रशिक्षण अभियान कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा-रणनीति की दी गई जानकारी

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

भारतीय जनता पार्टी का दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला स्तरीय महा प्रशिक्षण अभियान आज संपन्न हो गया। ढाका संगठन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन सत्र में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर मधुबन विधायक राणा रणधीर सिंह ने केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस प्रशिक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, कार्यशैली, चुनावी रणनीति और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है।

केंद्रीय मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित दल है और संगठन की मजबूती ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और एकात्म मानववाद के सिद्धांतों का जिक्र किया।मंत्री दुबे ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए समर्पित है।

मधुबन विधायक राणा रणधीर सिंह ने बताया कि इस दो दिवसीय महा प्रशिक्षण अभियान में ढाका संगठन के साथ-साथ मधुबन और चिरैया विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता भी भाग ले रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रशिक्षण का लाभउठाकर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। प्रशिक्षण शिविर में ढाका, मधुबन और चिरैया विधानसभा क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। चिरैया विधायक लालबाबू प्रसाद भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। नेताओं ने प्रशिक्षण सत्र में भाग लेकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।