-भागलपुर में बड़ा हादसा टला: विक्रमशिला सेतु का स्लैब गिरा, आवाजाही पूरी तरह बंद
भागलपुर।विक्रमशिला सेतु पर एक बड़ा हादसा टल गया जब 3-4 मई 2026 की देर रात पुल के 133 नंबर पिलर का स्लैब अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। घटना रात करीब 1:10 बजे की बताई जा रही है। गनीमत रही कि इससे पहले ही पुल में दरारें नजर आने लगी थीं, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन ट्रैफिक रोक दिया था।
यह सेतु भागलपुर को कोसी-सीमांचल और पूर्वोत्तर भारत से जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण लाइफलाइन माना जाता है। स्लैब गिरने की घटना के बाद पुल पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुल के 133 नंबर पाये का स्लैब पहले से ही कमजोर हो चुका था। लंबे समय से मरम्मत और रखरखाव में लापरवाही को इस घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन और इंजीनियरिंग विभाग अलर्ट मोड में है।
सूत्रों के मुताबिक, मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही एक उच्च स्तरीय तकनीकी टीम जांच के लिए पहुंच सकती है, जो पुल की स्थिति का आकलन कर आगे की कार्रवाई तय करेगी।
इस घटना के कारण लाखों लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिससे क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। स्थानीय लोगों में भी पुल की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।











