-भक्ति के संग पुराने साल की विदाई, नए वर्ष का स्वागत: सकरी मन गांव में दो दिवसीय श्रीराम आयोजन शुरू
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक।
नए वर्ष के आगमन को भक्तिमय वातावरण में मनाने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए सकरी मन गांव के चंद्रशेखर चौक स्थित ब्रह्म स्थान पर बुधवार 31 दिसंबर की सुबह से दो दिवसीय धार्मिक आयोजन की शुरुआत की गई। यह आयोजन गुरुवार 1 जनवरी को संपन्न होगा। कार्यक्रम की शुरुआत संगीतमय सुंदरकांड पाठ से हुई, जिसके बाद श्रीराम नाम के जाप के साथ 24 घंटे का अखंड संगीतमय अष्टयाम यज्ञ आयोजित किया गया।
आयोजकों के अनुसार, गुरुवार को नववर्ष के अवसर पर मिथिला संगीत के प्रसिद्ध कलाकार रामभरोस के नेतृत्व में संगीतमय श्रीराम विवाह महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत संगीत कलाकार पुरुषोत्तम झा द्वारा कराई गई, जिन्हें नागेंद्र चौधरी द्वारा गमछा ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

आयोजन समिति ने बताया कि वर्ष 2025 के अंतिम दिन 31 दिसंबर को कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ है, जबकि नववर्ष 2026 के पहले दिन 1 जनवरी को इसका समापन होगा। समापन के अवसर पर रात्रि में श्रीराम विवाह पर आधारित भव्य संगीतमय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजन से जुड़े युवाओं ने बताया कि बीते 12 वर्षों से गांव में इसी तरह पुराने साल का समापन और नए साल का स्वागत ईश्वर भक्ति के साथ किया जाता रहा है। ग्रामीणों का भरपूर सहयोग मिल रहा है, जिससे पूरे गांव में भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है।
आयोजन समिति में सक्रिय रूप से शामिल युवाओं में गोपाल कुमार द्विवेदी, रूपक कुमार द्विवेदी, कन्हाई कुमार मिश्रा, राहुल कुमार, आदर्श कुमार, सौरभ कुमार उर्फ गोलू, रूपक कुमार मंडल, प्रभात कुमार द्विवेदी, रोहित कुमार चौधरी एवं आकाश कुमार शामिल हैं। ग्रामीणों को उम्मीद है कि इस धार्मिक आयोजन से न केवल आध्यात्मिक वातावरण सुदृढ़ होगा, बल्कि सामाजिक एकता और आपसी सहयोग की भावना भी और मजबूत होगी।












