-बीपीएससी पास मास्टरनी का ही पकड़ौआ विवाह! एक बार फिर सुर्खियों में बिहार
ब्यूरो।पटना/हाजीपुर।
वैशाली जिले की एक शिक्षिका अमृता कुमारी और उसी स्कूल के शिक्षक राहुल कुमार लापता हैं। माना जा रहा है कि दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया है। यह घटना मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर प्राथमिक विद्यालय की है, जहां दोनों BPSC शिक्षक के रूप में कार्यरत थे। शिक्षिका की मां ने शिक्षक पर अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जाँच कर रही है और इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है।
बिहार में BPSC शिक्षकों की बहाली के बाद कई रोचक मामले सामने आये हैं। पहले पकरौआ विवाह की ख़बरों ने सुर्खियां बटोरी थीं। अब यह प्रेम विवाह का मामला चर्चा का विषय बन गया है। 23 वर्षीय अमृता कुमारी, वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं। राहुल कुमार हाजीपुर के गंगा ब्रिज थाना क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की स्थित लक्ष्मीपुर प्राथमिक विद्यालय में एक साथ काम करते थे। रोजाना साथ आना-जाना उनके बीच प्रेम का कारण बना। 30 नवंबर की सुबह अमृता स्कूल के लिए निकली, लेकिन वापस नहीं लौटी।

अमृता की मां, रेणु देवी ने तुर्की थाने में राहुल के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कराया है। उनका कहना है कि राहुल ने उनकी बेटी को ब्लैकमेल करके किडनैप किया है। कहना तो यहां तक है कि अपहरण शादी की नीयत से किया गया है। घुमा फिराकर कहें तो मास्टरनी जी का पकड़ौआ विवाह! सराय थानाध्यक्ष मणि भूषण कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रही है।
यह मामला बीपीएससी शिक्षकों से जुड़ी एक और घटना है जिसने लोगों का ध्यान खींचा है। इससे पहले वैशाली जिले में ही बीपीएससी शिक्षकों का पकरौआ विवाह चर्चा का विषय बना था। अब यह प्रेम प्रसंग और अपहरण का मामला सवाल खड़े करता है। क्या वाकई राहुल ने अमृता का अपहरण किया है या दोनों ने अपनी मर्जी से घर छोड़ा है? पुलिस जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ पाएगी। फिलहाल दोनों की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर बीपीएससी शिक्षकों को सुर्खियों में ला दिया है। देखना होगा कि पुलिस जांच में क्या खुलासा होता है।











