-बिहार में औद्योगिक क्रांति की तैयारी: 11 मेगा पार्क और 38 जिलों में फूड पार्क बनाने का निर्देश
पटना, 03 जून 2026।दीपक तिवारी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में औद्योगिक विकास को नई गति देने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लेते हुए 11 मेगा पार्क और सभी 38 जिलों में फूड पार्क विकसित करने का निर्देश दिया है। साथ ही उन्होंने बिहार को निवेश, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लिए व्यापक कार्ययोजना पर तेजी से अमल करने को कहा।
लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में आयोजित उद्योग विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास ही बिहार की समृद्धि और आर्थिक बदलाव का सबसे बड़ा आधार बनेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य में उद्योगों के लिए 50 हजार एकड़ का लैंड बैंक तैयार किया जाए तथा निवेशकों को उद्योग स्थापित करने के लिए अनुकूल और पारदर्शी माहौल उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार को ‘ईज ऑफ डूइंग बिजनेस’ के क्षेत्र में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए उद्योगों से जुड़ी प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए और सभी आवश्यक अनुमतियां समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने उद्योगपतियों, उद्यमियों और औद्योगिक संगठनों से नियमित संवाद कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
बैठक में ग्राम स्तर पर उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मा और एमएसएमई क्षेत्रों में बिहार के पास अपार संभावनाएं हैं।













