Advertisement

बिहार के अस्पतालों में बनेगा आपदा वार्ड, इमरजेंसी में अब नहीं भटकेंगे मरीज

-बिहार के अस्पतालों में बनेगा आपदा वार्ड, इमरजेंसी में अब नहीं भटकेंगे मरीज

मुजफ्फरपुर। बिहार में आपात स्थिति के दौरान इलाज को लेकर होने वाली परेशानी को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के सभी सदर अस्पतालों में अब विशेष आपदा वार्ड बनाए जाएंगे। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पीएचसी (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) और सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) में भी ऐसे वार्ड तैयार किए जाएंगे।

स्वास्थ्य विभाग की शाखा आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) ने इस संबंध में निर्देश जारी किया है। सभी जिलों के अस्पतालों को आपदा प्रबंधन के तहत विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने को कहा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को तुरंत इलाज मिल सके।

योजना के तहत आपदा वार्ड में डॉक्टरों और नर्सों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। साथ ही, इन वार्डों के लिए जरूरी संसाधनों और सुविधाओं का ब्लूप्रिंट भी तैयार किया जाएगा। आपदा जैसी परिस्थितियों से प्रभावी तरीके से निपटने के लिए मेडिकल स्टाफ को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके अलावा अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने की क्षमता का भी आकलन किया जाएगा, जिससे भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

सरकार की इस पहल से उम्मीद है कि आपदा के समय इलाज में देरी नहीं होगी और मरीजों को त्वरित व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।