-बिदुपुर में बाबा गणिनाथ की जयंती: दो दिवसीय समारोह में श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना, मंत्री केदार गुप्ता ने किया उद्घाटन
- राजापाकर -संजय श्रीवास्तव।
वैशाली जिले के बिदुपुर में लोक देवता बाबा गणिनाथ गोविंद की 93वीं जयंती धूम -धाम से मनाई गई।
इस दो दिवसीय समारोह का उद्घाटन बिहार सरकार के पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने किया। शनिवार सुबह सरकारी पूजा के बाद मंदिर के द्वार श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अखिल भारतीय मध्य देशीय वैश्य समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय भाजपा नेता सतीश कुमार, मंत्री रविंद्र दास और रामानंद गुप्ता ने दीप प्रज्वलित किया। श्रद्धालुओं के लिए भोजन महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। न्यास समिति के सचिव रामजी और कोषाध्यक्ष विद्यानंद साह ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस बार भी श्री श्री 108 संत बाबा गणिनाथ गोविंद जी की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है।

प्रांतीय गन्नी साह के पोते शशि भूषण प्रसाद ने बताया कि मंदिर की एक विशेष परंपरा के अनुसार, निःसंतान महिलाएं यहां संतान प्राप्ति की कामना से मिट्टी का बेला फेंकती हैं। यह प्राचीन परंपरा भादों मास कृष्ण जन्माष्टमी से पहले शनिवार को की जाती है। इसके लिए महिलाएं गंगा स्नान कर पवित्र मिट्टी के ढेले लाती हैं और मंदिर के बीच बने ताखे में फेंकती हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर में मुंडन संस्कार की भी पौराणिक परंपरा है। मन्नत पूरी होने पर महिलाएं अपने बच्चों का मुंडन संस्कार यहीं कराती हैं। इसके लिए दूसरे जिलों और नेपाल से भी श्रद्धालु आते हैं। कार्यक्रम में न्यास समिति के सदस्य और समाजसेवी उपस्थित रहे।











