-बिजली नहीं रहने से पीएनबी बरुआरी शाखा ठप, बैंकिंग सेवाएं बाधित होने से ग्राहक परेशान
गायघाट/दीपक कुमार। बेनीबाद थाना क्षेत्र स्थित बरुआरी के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) शाखा में मंगलवार को बिजली नहीं रहने के कारण बैंकिंग व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। पावर सप्लाई बाधित होने से बैंक की अधिकांश सेवाएं ठप हो गईं, जिससे दिनभर ग्राहकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बैंक प्रबंधन के अनुसार बिजली नहीं रहने के कारण तकनीकी सिस्टम प्रभावित हो गया, जिससे नकद जमा-निकासी, पासबुक अपडेट समेत अन्य बैंकिंग कार्य बाधित रहे। बैंक पहुंचे कई ग्राहकों को बिना काम कराए ही वापस लौटना पड़ा।

ग्राहक सोनू कुमार और कुंदन कुमार ने बताया कि जरूरी भुगतान और अन्य वित्तीय कार्यों के लिए बैंक पहुंचे थे, लेकिन बिजली नहीं होने के कारण कोई काम नहीं हो सका। इससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों और बुजुर्ग उपभोक्ताओं को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी।
बैंक मैनेजर ने बताया कि पावर सप्लाई बाधित होने के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई। इसकी जानकारी संबंधित तकनीकी टीम को दे दी गई है और बिजली आपूर्ति बहाल होने के बाद बैंकिंग सेवाओं को जल्द सामान्य कर दिया जाएगा।
दिनभर बैंकिंग कार्य प्रभावित रहने से ग्राहकों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों ने बैंकिंग सेवाओं को निर्बाध रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।












