Advertisement

बार डांसर से छेड़खानी और मर्डर

बर्थ डे पार्टी: बार डांसर से छेड़खानी और मर्डर

-कहानी का ट्विस्ट और टर्न देखकर पुलिस भी हैरान

संवाददाता।कैमूर।

स्टेज पर लाइट की रोशनी। उसी रोशनी पर थिरकतीं बार डांसर। आस- पास खड़े युवक। बार डांसरों के साथ डांस करने की ललक और उसके बाद छेड़खानी। जी हां, कुछ इसी तरह की घटना बिहार के कैमूर जिले में हुई है। बर्थ डे पार्टी के दौरान बार डांसर को बुलाया गया। उसके बाद उनके साथ छेड़खानी शुरू कर दी गई। स्थिति ये हो गई कि विवाद में गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई है। घटना कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के फक्राबाद गांव में हुई है।
मृतक की पहचान चांद थाना क्षेत्र के बड़हरिया गांव निवासी नौशाद अंसारी के रूप में हुई है। घटना 4 जनवरी, 2025 की रात लगभग 2-3 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि पार्टी में बार बालाओं से छेड़खानी को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई, जिसमें नौशाद की जान चली गई। पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए हैं और चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
ये घटना फक्राबाद गांव में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई। पार्टी में मौजूद कुछ लोगों ने बार बालाओं के साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दो गुटों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला मारपीट में बदल गया। पार्टी खत्म होने के बाद भी दोनों गुटों के बीच तनाव बरकरार रहा। जब सभी लोग अपने घर लौट रहे थे, तभी फक्राबाद में फिर से झड़प हो गई। इसी दौरान किसी ने नौशाद अंसारी पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।


भभुआ एसडीपीओ शिव शंकर कुमार ने बताया कि आज दिनांक 04.01.25 चैनपुर थाना क्षेत्र के फक्राबाद गांव के समीप रात्रि करीब 2 से 3 बजे एक युवक की गोली मारकर हत्या करने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर ली है। जांच में पता चला है कि मृतक और आरोपी सभी आपराधिक पृष्ठभूमि के हैं। ये सभी पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं और जेल भी जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी और मृतक एक जन्मदिन पार्टी में शामिल हुए थे। जहां लड़की छेड़ने को लेकर आपस में विवाद हुआ था। वहीं पार्टी खत्म होने के उपरांत घर लौटने के क्रम में दोनों पक्षों में पुनः विवाद हुआ जिसमें गोली लगने से नौशाद अंसारी पिता निजामुद्दीन अंसारी की मृत्यु हो गई। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। कैमूर एसपी हरिमोहन शुक्ला, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी और FSL टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है।