-बाइक पर मिला युवक का लहूलुहान शव, सिर में आर-पार जख्म से सनसनी; हत्या की आशंका
मुजफ्फरपुर। अहियापुर थाना क्षेत्र के कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब इलाके में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक बाइक पर युवक का लहूलुहान शव बरामद हुआ। मृतक के सिर में आर-पार गहरा जख्म मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान राकेश कुमार (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मोतीपुर थाना क्षेत्र के जमालाबाद, चक्की भुरकुरवा गांव का निवासी था। उसके पिता का नाम फकुली भगत बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने कोल्हुआ पैगंबरपुर ढाब के समीप एक युवक को बाइक पर संदिग्ध अवस्था में बैठे देखा। पास जाने पर उसके सिर से खून बहता मिला और उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य और नमूने एकत्र किए।

पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर में आर-पार छेद होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी हत्या किसी लोहे की नुकीली छड़ से गोदकर की गई है या फिर नजदीक से गोली मारकर। इस कारण जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस रुपये के लेन-देन समेत अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर तफ्तीश कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि राकेश कुमार अहियापुर क्षेत्र में किस उद्देश्य से आया था और घटना से पहले वह किन लोगों के संपर्क में था।
अहियापुर थाना के एसआई पिंकू कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता चल सके कि मृतक आखिरी बार किसके साथ देखा गया था। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिलेगी और जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों की गिरफ्तारी की जाएगी।











