-बन्दरा: हत्था थाना में शुरू हुआ आचरण प्रमाण पत्र और पासपोर्ट वेरिफिकेशन कार्य, लोगों को मिली बड़ी राहत
मुजफ्फरपुर/बन्दरा | दीपक।
अब हत्था थाना क्षेत्र के लोगों को आचरण प्रमाण पत्र और पासपोर्ट वेरिफिकेशन के लिए पीयर थाना के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। हत्था थाना में ही यह सुविधा शुरू कर दी गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को काफी सहूलियत मिलेगी।
हत्था थाना अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि हत्था थाना स्तर पर ही अब आचरण प्रमाण पत्र और पासपोर्ट सत्यापन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले यह कार्य पीयर थाना से होता था, जिससे लोगों को 15-20 किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता था और समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था।

अब इस सुविधा के स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो जाने से आमजन को समय, पैसे और भागदौड़—तीनों से राहत मिलेगी। थाना अध्यक्ष ने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया को पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश सभी संबंधित कर्मियों को दे दिए गए हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत किया है और प्रशासन का आभार जताया है।











