-बन्दरा में नौशाद हत्याकांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
बन्दरा/मुजफ्फरपुर (दीपक)। पियर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा चौर से पिछले दिनों बरामद किए गए मो. नौशाद की हत्या कर फेंकी गयी शव मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गोविंदपुर छपरा निवासी मोहम्मद सिराज, मोहम्मद अशरफ और मोहम्मद शहाबुद्दीन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, मृतक मो. नौशाद मूल रूप से वैशाली जिले का निवासी था और पियर थाना क्षेत्र के गोविंदपुर छपरा गांव स्थित अपने ससुराल में रहकर हाट में मुर्गी की दुकान चलाता था। बीते दिनों उसका शव गोविंपुर छपरा चौर से बरामद किया गया था, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

पियर थाना अध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी नाजिया प्रवीन के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का सहारा लिया, जिसके आधार पर तीनों आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह जमीन और पैसों का विवाद तथा अवैध संबंध का मामला बताया जा रहा है। इसी को लेकर तीनों आरोपियों ने मिलकर नौशाद की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को चौर में फेंक दिया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि तीनों आरोपियों को उनके गांव से ही गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।












