-बन्दरा में डीएम का दौरा: खगेश्वरनाथ मंदिर के पर्यटन विकास पर मंथन, प्रखंड कार्यालयों का औचक निरीक्षण
मुजफ्फरपुर/बन्दरा (दीपक)। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने बन्दरा प्रखंड क्षेत्र का दौरा करते हुए प्रशासनिक व्यवस्था और विकास योजनाओं का जायजा लिया। इस दौरान वे क्षेत्र के अति प्राचीन बाबा खगेश्वरनाथ मंदिर मतलुपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मंदिर न्यास समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से विस्तृत बातचीत कर मंदिर के इतिहास, पौराणिक महत्व और विकास की संभावनाओं की जानकारी ली।
मंदिर न्यास समिति के सचिव बैद्यनाथ पाठक ने बताया कि करीब 500 वर्ष पुराने इस मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की व्यापक संभावनाएं हैं। डीएम ने मंदिर परिसर की उपलब्ध भूमि और आधारभूत सुविधाओं को लेकर जानकारी जुटाई और संकेत दिया कि पर्यटन विभाग को प्रस्ताव भेजा जाएगा।मंदिर परिसर स्थल के साफ सफाई को लेकर भी उन्होंने निर्देशित किया।
दौरे के क्रम में डीएम ने मतलुपुर में चल रहे जनगणना कार्य की समीक्षा भी की। इसके बाद वे बन्दरा प्रखण्ड मुख्यालय पहुंचे,जहां प्रखंड परिसर में पुराने भवन को हटाकर नए भवन निर्माण की योजना पर चर्चा हुई। संबंधित जमीन से जुड़े मामलों की जांच की ।आवश्यक जानकारी ली और जल्द निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही गई।यहां अब जल्द हीं ब्लॉक भवन निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।जमीन को लेकर जो तकनीकी बाधा थी वह दूर हो गया है।

प्रखंड और अंचल कार्यालयों के निरीक्षण भी डीएम ने की।बन्दरा अंचल के प्रधान लिपिक संजय कुमार राकेश बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए,सीओ अंकुर राय ने डीएम को बताया कि प्रधान लिपिक बिना अनुमति 4 दिनों से गायब हैं।जिस पर डीएम ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं एईएस (चमकी बुखार) की रोकथाम को लेकर प्रखंड सभागार में ‘संध्या चौपाल’ का आयोजन किया गया, जिसमें जागरूकता अभियान की सफलता के लिए अधिकारियों और कर्मियों को संकल्प दिलाया गया। डीएम ने उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिया।
इस मौके पर पूर्वी एसडीएम, बन्दरा बीडीओ आमना वसी, सीओ अंकुर राय समेत कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। करीब दो घंटे तक डीएम क्षेत्र में सक्रिय रहकर विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते रहे।डीएम के इस दौड़े से लोगों की उम्मीदें बढ़ गयी है।












