Advertisement

बंद घर में फंदे से लटका मिला ब्रेड विक्रेता का शव, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा

-बंद घर में फंदे से लटका मिला ब्रेड विक्रेता का शव, दुर्गंध आने पर हुआ खुलासा

राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर थाना क्षेत्र के बैकुंठपुर गांव में एक 50 वर्षीय व्यक्ति का शव बंद घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। कई दिनों तक घर बंद रहने और अंदर से तेज दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही राजापाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का दरवाजा खुलवाया। घर के अंदर एक व्यक्ति का शव गले में रस्सी के सहारे फंदे से लटका मिला। शव काफी हद तक सड़-गल चुका था, जिससे पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही थी।
मृतक की पहचान गरीबन पासवान (50), पिता स्वर्गीय जगरनाथ पासवान, निवासी बैकुंठपुर गांव के रूप में हुई है। वह फेरी लगाकर ब्रेड बेचकर अपना जीवनयापन करते थे और घर में अकेले रहते थे।


पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, गरीबन पासवान पिछले दो-तीन दिनों से गांव में दिखाई नहीं दे रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।