Advertisement

फुलहारा बाजार में भागवत कथा के दौरान सामूहिक विवाह, दो जोड़े बने जीवनसाथी

-फुलहारा बाजार में भागवत कथा के दौरान सामूहिक विवाह, दो जोड़े बने जीवनसाथी

राजापाकर/संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना अंतर्गत बरांटी थाना क्षेत्र के फुलहारा बाजार में श्रीमन नारायण सेवा फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित 9 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ सह सामूहिक विवाह समारोह के दौरान शुक्रवार को दो जोड़ों का विवाह विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
पहले जोड़े में बिदुपुर थाना क्षेत्र के खालसा निवासी मुकेश कुमार चौबे एवं अंजी चौबे की पुत्री समीक्षा कुमारी का विवाह पूर्णिया जिले के बरहरा कोठी तिवारी टोला शिव मंदिर निवासी प्रभाष चंद्र तिवारी एवं भारती देवी के पुत्र प्रणव तिवारी के साथ संपन्न हुआ। वहीं दूसरे जोड़े में राजापाकर थाना क्षेत्र के बसौली निवासी मनोज पासवान एवं मानती देवी की पुत्री फुल कुमारी का विवाह महनार थाना क्षेत्र के चमरहरा निवासी कालेश्वर पासवान के पुत्र मोनू कुमार के साथ कराया गया।


इस अवसर पर उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। यज्ञ समिति की ओर से नवदंपतियों को उपहार स्वरूप पलंग, ट्रंक, गोदरेज, टेबल, कुर्सी, बिस्तर, बाल्टी सेट, बर्तन एवं आभूषण भेंट किए गए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन संध्या 6 बजे से श्रीधाम वृंदावन के प्रख्यात कथा वाचक अनिरुद्ध आचार्य जी महाराज के प्रिय शिष्य पंकज शास्त्री जी महाराज द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का रसपान कराया जा रहा है। कथा के बीच-बीच में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकियां दिल्ली से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जा रही हैं, जो श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रही हैं।
ज्ञात हो कि फुलहारा बाजार में श्रीमन नारायण सेवा फाउंडेशन एवं ग्रामवासियों के सहयोग से हर वर्ष 9 दिवसीय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जाता है।
इस मौके पर यज्ञ समिति के अध्यक्ष रामबाबू राय, फाउंडेशन के सचिव राजेश कुमार रंजन, उपाध्यक्ष अनिल कुमार पंचू, रंजीत जायसवाल, उदय कुमार, अशर्फी राय, पंकज कुमार, रंजीत सोनी, रजनीकांत, रंजीत चौधरी, पवन कुमार, निक्कू, आनंद, गोलू एवं मीडिया प्रभारी कालेश्वर कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।