-प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड: इलाज के दौरान एक और मरीज की मौत, प्रशासन सख्त कार्रवाई की तैयारी में
मुजफ्फरपुर। ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल के आईसीयू में हुई भीषण अग्निकांड की घटना में घायल एक और मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई है। मृतक की पहचान मड़वन प्रखंड के चैनपुर परड़ी गांव निवासी अंजनी कुमार सिंह के रूप में हुई है। वे आग लगने की घटना में गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनका इलाज शहर के अशोका हॉस्पिटल में चल रहा था।
परिजनों के अनुसार, उपचार के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई। मृतक अंजनी कुमार सिंह, रामपाल सिंह के पुत्र थे। उनका पोस्टमार्टम एसकेएमसीएच में कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव चैनपुर ले जाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा।
घटना पर कांटी विधायक अजीत कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अंजनी कुमार सिंह उनके करीबी सहयोगी थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की है। विधायक ने बताया कि वे अंतिम दर्शन और अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होंगे।

वहीं, प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। गुरुवार को आईसीयू वार्ड में लगी भीषण आग की घटना की जांच कमिश्नर के निर्देश पर शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में अस्पताल भवन का स्वीकृत नक्शा उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई है। इसके बाद प्रशासन द्वारा अस्पताल भवन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, जांच रिपोर्ट के आधार पर अस्पताल भवन को ध्वस्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। प्रशासन घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रहा है, जबकि पीड़ित परिवार दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
प्रसाद हॉस्पिटल अग्निकांड ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। लगातार बढ़ रही मृतकों की संख्या ने लोगों की चिंता और आक्रोश दोनों बढ़ा दिए हैं। प्रशासन ने मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।












