-प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री ने किया औंटा-सिमरिया 6 लेन गंगा पुल का उद्घाटन
पटना, 22 अगस्त 2025।दीपक कुमार तिवारी।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज बेगूसराय जिले के सिमरिया धाम स्थित गंगा नदी पर औंटा (मोकामा) – सिमरिया (बेगूसराय) के बीच नवनिर्मित 6 लेन गंगा पुल का उद्घाटन किया। 8.150 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 1.865 किलोमीटर लंबा गंगा पुल शामिल है।
उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने पुल का भ्रमण कर इसका जायजा लिया। इस मौके पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुल के समीप बड़ी संख्या में उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने रोड शो भी किया, जिसमें सड़क किनारे मौजूद हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक नारेबाजी करते हुए उनका अभिनंदन किया।

यह 6 लेन गंगा पुल 1871 करोड़ रुपये की लागत से राजेंद्र सेतु के समानांतर निर्मित किया गया है। पुल के चालू होने से उत्तरी और दक्षिणी बिहार के बीच आधुनिक रोड कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। अब तक जर्जर राजेंद्र सेतु से भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने के कारण वाहनों को 100 किलोमीटर अधिक दूरी तय करनी पड़ती थी, किंतु इस नए पुल से वही दूरी मात्र 8 किलोमीटर में पूरी होगी। इससे समय और ईंधन की बचत होगी तथा लॉजिस्टिक लागत में उल्लेखनीय कमी आएगी।
इस परियोजना से स्थानीय उद्योगों, उद्यमों और कृषि उत्पादों को बड़ा प्रोत्साहन मिलेगा। सुपौल, मधुबनी, अररिया, बेगूसराय जैसे उत्तरी बिहार के जिले अब दक्षिणी बिहार के शेखपुरा, नवादा और लखीसराय से बेहतर ढंग से जुड़ सकेंगे। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड रिफाइनरी, बरौनी थर्मल पावर स्टेशन, सुधा डेयरी, हिंदुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड जैसे उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा।
साथ ही मखाना, केला, दूध, मक्का जैसी कृषि उपज बड़े बाजारों तक सुगमता से पहुँच पाएगी। इससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।












