-पूर्व मंत्री अजीत कुमार ने जनसंवाद में गिनाईं मोदी सरकार की उपलब्धियां
-समस्याओं को लेकर दिए समाधान के आश्वासन
मुजफ्फरपुर | 15 जून 2025 | विशेष संवाददाता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गरीबों के लिए चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाएं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो रही हैं। अगर इन योजनाओं का लाभ सभी पात्र गरीबों तक पहुंचे, तो गरीबी का समूल नाश संभव है। यह बात राज्य के पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार ने रविवार को मुजफ्फरपुर के कांटी क्षेत्र अंतर्गत मिठन सराय माधोपुर गांव में आयोजित किसान-मजदूर-युवा जनसंवाद कार्यक्रम में कही।
कार्यक्रम में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए अजीत कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीयत और नीतियों में कोई कमी नहीं है, बस जरूरत है योजनाओं को जमीनी स्तर तक ईमानदारी से पहुँचाने की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे हर गरीब तक केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी पहुँचाएं और उनका लाभ दिलवाएं।
ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने पूर्व मंत्री के समक्ष विभिन्न सामाजिक और बुनियादी समस्याएं रखीं, जिनमें प्रमुख थीं:
गांव में बिजली की अनियमित आपूर्ति और विद्युत बिल में गड़बड़ी
भूजल स्तर में गिरावट से चापाकलों के सूखने के कारण पेयजल संकट
बाढ़ के समय मुख्य सड़क से गांव आने-जाने की कठिनाई
रेलवे लाइन पर अंडरपास और फ्लाईओवर की मांग

पूर्व मंत्री ने कई समस्याओं का मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समाधान कराया और शेष गंभीर समस्याओं को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
सामाजिक एकता का संदेश
जनसंवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया इंद्र मोहन झा ने की। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों से लोगों ने भाग लिया और अजीत कुमार को कांटी की तरक्की की लड़ाई में सहयोग देने का वादा किया।
कार्यक्रम में शामिल प्रमुख लोग:
समाजिक कार्यकर्ता समोद राम, मंकू पाठक, डॉ. गणेश गुप्ता, मोती उर्फ मुकेश कुमार सिंह, सत्यनारायण कुशवाहा, शिवनाथ ठाकुर, मुनीलाल राम, अधिवक्ता अरुण पांडे, सुनील कुशवाहा, सुधांशु कुमार, राजकुमार शाह, अरविंद सिंह, प्रभाकर चौधरी, चंचल गोस्वामी, कन्हाई पटेल और मनोज ठाकुर सहित कई लोग कार्यक्रम में मौजूद थे।











