पत्नी ने पूरी नहीं की राजा की डिमांड तो कर दी हत्या
-पति के शौक से बर्बाद हो रहा था घर
संवाददाता। नालंदा।
नालंदा जिले के गिरियक थाना क्षेत्र के संगतपर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वजह थी जुए के लिए पैसे देने से इनकार करना। घटना के बाद आरोपी पति और उसके परिवार वाले घर छोड़कर फरार हो गए। मृतका की पहचान 26 वर्षीय सुनीता कुमारी के रूप में हुई है

सुनीता के मामा रंजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि 16 साल पहले उनकी भांजी की शादी राजा साहू से हुई थी। शादी के पहले से ही राजा साहू को जुआ खेलने का शौक था। उसके इसी शौक से घर बर्बाद हो रहा था। राजा का शौक भांजी पर भारी पड़ने लगा था। जुए में हारने पर राजा अक्सर सुनीता से पैसे मांगता था और पैसे नहीं देने पर मारपीट करता था।
रंजीत ने बताया कि कुछ दिन पहले भी जुए में हारने के बाद राजा, सुनीता के गहने बेचने की ज़िद करने लगा था। इस बात पर दोनों में कहासुनी हुई और राजा ने सुनीता को बुरी तरह पीटा था। इसके बाद नाराज सुनीता अपने जीजा के घर बिहारशरीफ चली गई थी। हालांकि, बाद में दोनों परिवारों के बीच समझौता होने के बाद सुनीता वापस अपने ससुराल लौट आई थी। लेकिन कुछ दिनों बाद ही राजा फिर से पैसे मांगने लगा। शनिवार को जब सुनीता ने अपने बच्चों का हवाला देते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया, तो राजा ने गुस्से में आकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और गला दबाकर हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस आरोपी पति और उसके परिवारवालों की तलाश में जुटी है।
















