Advertisement

पटसारा पंचायत में मनरेगा घोटाले का आरोप, फर्जी मस्टर रोल से राशि निकासी की शिकायत

-पटसारा पंचायत में मनरेगा घोटाले का आरोप, फर्जी मस्टर रोल से राशि निकासी की शिकायत

मुजफ्फरपुर/बन्दरा।दीपक। जिले के बंदरा प्रखंड की पटसारा पंचायत में मनरेगा योजना के तहत बड़े पैमाने पर अनियमितता और फर्जीवाड़े की शिकायत की गई है। पटसारा निवासी संजय कुमार ने जिलाधिकारी को लिखित शिकायत देकर मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत में मनरेगा की योजनाओं का नाम बदलकर फर्जी मस्टर रोल तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जाली हस्ताक्षरों के माध्यम से सरकारी राशि की निकासी की जा रही है। शिकायतकर्ता का कहना है कि कई योजनाओं में वास्तविक कार्य नहीं कराया गया, फिर भी कागजों पर काम दिखाकर भुगतान कर लिया गया।


आवेदन में पंचायत के मुखिया, कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ), कनिष्ठ अभियंता (जेई) और लेखापाल पर मिलीभगत का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस कथित फर्जीवाड़े के कारण मजदूरों को काम नहीं मिल पा रहा है और उनके हिस्से की मजदूरी भी हड़प ली जा रही है।
संजय कुमार ने डीएम से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो मनरेगा जैसी महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य प्रभावित होगा और सरकारी धन का दुरुपयोग जारी रहेगा।