-पटना में भीषण सड़क हादसा, ट्रक-ऑटो की टक्कर में 8 लोगों की मौत
पटना।ब्यूरो।
पटना जिले के दनियावां में शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई. जबकि छह लोग घायल हैं. हादसा उस समय हुआ, जब सभी लोग एक ऑटो में सवार होकर गंगा स्नान करने नालंदा से फतुहा जा रहे थे. रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए.
ट्रक चालक वाहन लेकर फरार:
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पटना रेफर कर दिया गया.
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि सभी लोग नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र स्थित रेरी मलमा गांव के रहने वाले थे और आज सुबह फतुहां में गंगा स्नान करने के लिए जा रहे थे. सभी एक ही गांव के रहने वाले हैं. अल्ट्राटेक फैक्ट्री के पास एक ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई।

वहीं तीन घंटे बीतने के बाद भी शव को नहीं उठाया गया है। मौके पर पटना सिटी एसडीएम और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे हैं, लेकिन स्थानीय लोगों का मांग है कि जो हाईवा ट्रक ने टक्कर मारा है, उसका चालक सहित ट्रक को हाजिर किया जाए। उसके बाद शव को उठाने देंगे।
जिला प्रशासन लोगों को समझने में जुटा है। मौके पर हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी शरण भी पहुंचे और हर मृतक के परिजनों को लिए एक लाख मुआवजे की मांग की है. घटना स्थल पर तनाव का माहौल बना हुआ है।
पटना में घायलों चल रहा इलाज:
मृतकों में सात महिला और एक पुरुष हैं। छह लोग घायल हैं, जिनका इलाज पटना में चल रहा है। मृतकों की पहचान की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। फरार ट्रक चालक की तलाश भी जारी है।












